
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नन्हकू राम ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवगांव और संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रसव कक्ष, ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर, इमरजेंसी, ऑक्सीजन कक्ष, पर्चा काउंटर, सर्जिकल और जनरल वार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार और सुविधाओं की जानकारी भी ली।
सीएमओ ने बताया कि अस्पताल की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, हालांकि कुछ कमियां पाई गई हैं। इन्हें जल्द दूर करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरजीत सिंह को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे, सीआर और अल्ट्रासाउंड मशीन की स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही इनकी स्थापना कर मरीजों को बेहतर जांच सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सीएमओ ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना विभाग की प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
