
दैनिक भारत न्यूज
जौनपुरः
चर्चित दूल्हा हत्याकांड का मुख्य आरोपी आखिरकार पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
इस मामले में तीन बदमाश मुख्यतः फरार चल रहे थे, जिसमें से एक आरोपी रवि यादव की लोकेशन मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दिया।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के रानी के मोड़ के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस एक लाख इनामिया को ढेर कर दिया। जबकि एक लाख रुपये के इनामी भोला राजभर व प्रदीप बिन्द फरार चल रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक देर रात पुलिस को रवि यादव की मौजूदगी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दिया, जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। कुछ देर चली गोलीबारी के बाद रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी गोली से लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह भी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उनके हाथ में गोली लगी है। घायल थानाध्यक्ष को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
वहीं पुलिस ने घायल रवि यादव को भी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां परीक्षण के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत रवि यादव दूल्हा हत्याकांड के बाद से लगातार फरार चल रहा था और पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही जिले की पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। उधर देर रात हुई इस मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
