दैनिक भारत न्यूज

अलीगढ़।
जनपद के ग्रामीण इलाके में महिलाओं को असलहे के बल पर लूट की घटनाओं को अंजाम देकर दहशत मचाने वाले दो अपराधियों को अलीगढ़ की पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। इन दोनों बदमाशों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एसएसपी अलीगढ़ नीरज जादौन के मुताबिक अतरौली थाना क्षेत्र में स्थित एक आम की बाग में पुलिस मुठभेड़ हुई, जिसमें इन दोनों बदमाशों का अंत हुआ। बदमाशों की गोली से दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक हापुड़ निवासी रज़ा मोहम्मद और बुलंदशहर निवासी मुबीन पिछले कई दिनों से अलीगढ़ के मडराक, गोधा, जवां, अतरौली और छर्रा आदि थाना क्षेत्रों में खेतों पर काम करने वाली महिलाओं को निशाना बना रहे थे। दोनों बदमाश असलहे के बल पर महिलाओं से कुंडल, पायजेब और जेवरात लूट लेते थे। बदमाशों ने करीब डेढ़ दर्जन लूट की घटनाओं को अंजाम देकर ग्रामीण इलाकों में दहशत मचा रहे थे।
शनिवार को थाना गोण्डा पुलिस को मुखबिर के जरिए बदमाशों की लोकेशन मिली। इसके बाद पुलिस ने पीछा शुरू किया। शाम होते-होते अतरौली थाना क्षेत्र के आम की बाग में दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गये। इन्हे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में पुलिसकर्मी अंकित के पैर और गौरव के बाजू में गोली लगी है। पुलिस मौके से पिस्टल, तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद किया। रज़ा पर 40 और मुबीन पर 27 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *