
दैनिक भारत न्यूज
अलीगढ़।
जनपद के खैर थाना क्षेत्र के जरारा गांव में ऑनर किलिंग की दिल दहला देने वाली घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है। यहां एक पिता ने अपनी ही 20 वर्षीय बेटी शिवानी की गला दबाकर हत्या कर दिया और लाश को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। घटना का खुलासा होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि गांव निवासी पूरन सिंह जाटव अपनी बेटी शिवानी के गांव के ही एक युवक से बातचीत और दोस्ती को लेकर नाराज रहता था। इसी बात को लेकर घर में लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी पिता बेटी के प्रेम संबंधों से बेहद खिन्न था।घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब ग्रामीणों ने खेत में संदिग्ध तरीके से खुदी हुई मिट्टी देखी। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खैर थाने की पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में खेत की खुदाई करवाई, तो जमीन के नीचे से युवती की लाश बरामद हुई। उसकी पहचान 20 वर्षीय शिवानी के रूप में हुई। पुलिस के पूछताछ में आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र के मुताबिक आरोपी ने आवेश में आकर बेटी का गला दबाकर हत्या करने और शव को छिपाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मृतका की लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी है। पीएम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
