
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भरौली गांव निवासी 26 वर्षीय रोशन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोशन दिहाड़ी मजदूरी का कार्य करता था। वह स्वर्गीय राम निहोर का पुत्र था और तीन भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा था।
बताया जा रहा है कि बीती शाम रोशन अपनी मां से बाजार में लौंगलता खाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात करीब 9 बजे उसके चचेरे भाई को फोन पर सूचना मिली कि रोशन पियारिया धर्मशाला के पास घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रोशन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसकी मां प्रभावती का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष कप्तानगंज जयप्रकाश ने बताया कि शाम को एक युवक के घायल होने की सूचना मिली थी, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मां प्रभावती देवी पत्नी स्वर्गीय राम निहोर के तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
