दैनिक भारत न्यूज

बिलरियागंज।
स्थानिय थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर 28 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
वादी दीपक यादव, निवासी नौबरार त्रिपुरार खालसा थाना महराजगंज, बिलरियागंज में मेडिकल स्टोर संचालित करते हैं। आरोप है कि रौनापार थाना क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर आरोपियों ने उनसे विभिन्न तिथियों में 15 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर कराए और 13 लाख रुपये नगद मेडिकल स्टोर पर ही ले लिए।
कुल 28 लाख रुपये देने के बाद जब दीपक यादव रजिस्ट्री कराने के लिए रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे, तो पता चला कि जमीन पहले ही किसी अन्य व्यक्ति के नाम रजिस्टर्ड हो चुकी है। इसके बाद पीड़ित ने बिलरियागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में विजय यादव, सचिन यादव, राजपाल यादव और सच्चिदानंद के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इसी क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी विजय यादव (55) पुत्र स्व. महेश यादव, निवासी परेवा रुद्रपुर थाना रौनापार को रविवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष बिलरियागंज सुनील दुबे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *