दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
शहर के अठवरिया मैदान में रविवार को भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से ओत-प्रोत श्री श्याम महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री रानी सती श्याम भक्त मंडल की ओर से किया गया। जिसमें नारायणी भजन संध्या एवं श्री श्याम भक्त मंडल, आजमगढ़ का विशेष सहयोग रहा।
इस पावन अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से पधारे प्रसिद्ध भजन कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। जयपुर से आईं सुप्रसिद्ध भजन गायिका रजनी राजस्थानी तथा उड़ीसा से पधारीं शुभांगी सोनी ने “सांवरे की महफिल को सांवरा सजाता है” सहित एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। मधुर धुनों और भावपूर्ण गायन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। वहीं राजस्थान से पधारी रजनी राजस्थानी ने ‘ हारा हूं बाबा पर तुझपे भरोसा है, जीतूंगा एक दिन मेरा दिल ये कहता है’ और ‘दीनानाथ मेरी बात छानी कोनी तेरे से’ जैसे भजनों को सुनाकर लोगों को झूमने के लिए विवश कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के भजनों पर झूमते और नृत्य करते नजर आए। आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अठवरिया मैदान श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। श्रद्धालुओं ने विधिवत बाबा श्याम की ज्योति प्रज्वलित कर अपने एवं अपने परिवार के सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
इस दौरान आयोजकों की ओर से विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम बहादुर सिंह, पूर्व भाजपा प्रत्याशी अखिलेश कुमार मिश्रा ‘गुड्डू’, डीएवी के पूर्व अध्यक्ष राजेश सिंह ‘भोला’, विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा, ब्लॉक प्रमुख अरविंद सिंह, सीओ शुभम तोदी, शोभित अडूकिया, शोभित खंडेलिया, नीरज गोयनका, परितोष रूंगटा, ओमप्रकाश अग्रवाल, अमृत अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, अभिषेक खंडेलिया, भोला जालान, विनय रूंगटा एवं गौरव अग्रवाल आदि उप​स्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *