
आजमगढ़।
तरवां थाने की पुलिस की अभिरक्षा में हुई सनी कुमार पुत्र हरिकांत की मौत के मामले में मृत सनी की मां कुसुम देवी ने तहरीर देकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें तरवां थाने के निवर्तमान थानाध्यक्ष कमलेश कुमार पटेल सहित अन्य पुलिसवालों को आरोपित किया है।
कुसुम देवी का आरोप है कि थानाध्यक्ष कमलेश कुमार पटेल सहित अन्य पुलिसवाले लात, घूसों से मारपीटकर उसके बेटे की हत्या कर दिए। कुसुम देवी की तहरीर के आधार पर तरवां थाने में हत्या, दलित उत्पीड़न एक्ट सहित अन्य संगीन धाराओं में केस दर्ज कर ली गयी है। मामले की जांच सीओ फूलपुर को सौंपी गयी है।
बता दें कि तरवां थाना क्षेत्र के उमरी पट्टी गांव निवासी सनी कुमार पुत्र हरिकांत के खिलाफ एक किशोरी के घर वालों ने तहरीर दिया था। जिसमें आरोप था कि 28 मार्च 2025 की दोपहर एक किशोरी रास्ते से गुजर रही थी, इस दौरान सनी ने मोबाइल पर तेज आवाज में अश्लील गाने बजाते हुए किशोरी की तरफ देखकर अश्लील इशारा किया। शनि के इस बात से नाराज होकर किशोरी ने घर वालों ने थाने में शिकायत करते हुए थाने में तहरीर दिए।
इस मामले में पुलिस सनी कुमार को हिरासत में लिया। सोमवार की भोर में पुलिस सनी को थाने के बाथरूम में ले गयी। जहां पर वह अपने पैजामे के नाड़े का फंदा बनाकर आत्महत्या कर लिया। घटना की जानकारी तब हुई जब गार्ड बाथरूम की खिड़की खोलकर देखा। अंदर सनी की लाश लटकी हुई दिखने पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही सनी के परिजन थाने पहुंच गये। घर वाले पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। आक्रोशित लोगों ने पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ कर दिया। ग्रामीण पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल शुरू कर दिए। मामला शांत कराने के लिए पुलिस को लाठी भांजनी पड़ी। लापरवाही के आरोप में एसओ तरवां कमलेश कुमार पटेल सहित तीन पुलिसवालों को एसपी हेमराज मीना द्वारा निलंबित कर दिया गया। उधर सोमवार की देर शाम को मृतक की मां कुसुम देवी की तहरीर के मुताबिक तरवां थाने के निवर्तमान थानाध्यक्ष कमलेश कुमार पटेल सहित अन्य पुलिसवालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गयी है।
इस संबंध में एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर के आधार पर थानाध्यक्ष तरवां कमलेश कुमार पटेल सहित अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर ली गयी है। मामले की जांच सीओ फूलपुर को सौंपी गयी है।
एसपी सिटी ने बताया कि पीएम रिपोर्ट से पता चला कि सनी की मौत आत्महत्या करने से हुई है। एसपी सिटी ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। ऐहतियातन फोर्स तैनात की गयी है।
