

दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रोहुआ मोड़ पर शुक्रवार को दिन में करीब सवा ग्यारह बजे संविदा पर तैनात लाइनमैन कपिलदेव यादव को ग्रामीणों ने पीटकर घायल कर दिया। इस घटनाक्रम का तेजी से वीडियो वायरल हो रहा। घटना के संबंध में पीड़ित लाइनमैन ने गंभीरपुर थाने में तहरीर दिया। जिसमें चार लोगों को नामजद और कई अज्ञात लोगों को आरोपित किया है। पुलिस केस दर्ज करके आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के कटघर गांव में एक सप्ताह पहले बिजली विभाग ने चेकिंग अभियान चलाकर बकायादारों के बिजली कनेक्शन काट दिए थे। कुछ ग्रामीणों ने अपने कटे हुए कनेक्शन को जोड़ लिया है। शुक्रवार को लाइनमैन कपिलदेव यादव विद्युत फॉल्ट ठीक करने के लिए कटघर गांव पहुंचे। वहां उन्होंने देखा की कटे हुए कनेक्शन को ग्रामीणों ने दोबारा जोड़ लिया है। कपिलदेव ने इसकी सूचना अधिकारियों को देने के लिए वीडियो बनाया। इसके बाद जब वह वापस लौट रहे थे, तभी रोहुआ मोड़ पर लोग पहुंचे और लाइनमैन की बेरहमी से पिटाई कर दिए। इस हमले में लाइनमैन को गंभीर चोटें आईं।
घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर वायरल कर दिया। घटना में लोग बीच-बचाव कर कपिलदेव को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदपुर पहुंचाया, जहां उनका प्रारंभिक इलाज किया गया। इलाज के बाद कपिलदेव ने गंभीरपुर थाने में चार नामजद व्यक्तियों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दिया। एसओ गंभीरपुर बसंत लाल ने बताया कि लाइनमैन कपिलदेव यादव की शिकायत पर चार नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
