
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शुक्रवार को जहानागंज विकासखंड परिसर में महिलाओं के विधिक जागरूकता के लिए विधान से समाधान कार्यक्रम के तहत एक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अपर जिला जज धनंजय कुमार मिश्रा ने कहा कि धैर्य, क्षमा तथा सहृदयता के साथ सामाजिक समरसता बनाए रखने हेतु महिलाओं का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। महिलाएं अपने सम्मान तथा अधिकारों के प्रति जागरूक व सचेत रहें। न केवल पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलें, बल्कि समाज और परिवार में भी अपना पूरा योगदान दें। इस अवसर पर महिलाओं को उनके अधिकारों से जुड़े तमाम कानूनों की जानकारी दी गई। जिला प्रोबेशन अधिकारी ध्रुव चंद्र त्रिपाठी ने लैंगिक समानता तथा सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। खंड विकास अधिकारी विकास शुक्ला ने विकास योजनाओं में महिलाओं के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोल्हूखोर की डॉक्टर मनीषा मिश्रा ने सर्वाइकल कैंसर तथा पीसीपीएनडीटी एक्ट के बारे में जानकारी दी।कार्यक्रम का संचालन सहायक सांख्यिकी अधिकारी संजय कुमार यादव ने किया।
