
आशीष तिवारी
आजमगढ़।
प्रदेश के सभी जिलों में हवाई अड्डा की तर्ज पर बस अड्डा बनवाया जाएगा। शासन से हरी झंडी मिलने के बाद प्रदेश के 23 जिलों में अत्याधुनिक बस अड्डा बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए टेंडर डाले जा चुके हैं। यह जानकारी स्वयं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दी।
शनिवार को आजमगढ़ रोडवेज के पास स्थित एक होटल में बात करते हुए परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार की पूरी योजना है कि लोगों को आवागमन का बेहतर सुविधा मिले। इसी के तहत पूरे प्रदेश के बस डिपो के लिए सात हजार नयी बसें खरीदकर दी जाएंगी। यह कार्य इस वर्ष के अंत तक पूरा हो जाएगा। इसी के साथ ही हवाई अड्डा की तर्ज पर बस अड्डा बनाने के लिए 23 जिलों में टेंडर पड़ चुका है। यहां पर जल्द ही निर्माण शुरू हो जाएगा। शेष 52 जिलों में निर्माण के लिए टेंडर आदि की प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी। आजमगढ़ बस डिपो में जिस मार्ग से रोडवेज बसों का प्रवेश होता है। वह बंधा का मार्ग पतला और जर्जर हो चुका है। ऐसे में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने जल्द से जल्द इस सड़क का चौड़ीकरण कराते हुए सड़क की मरम्मत करवाने का निर्देश परिवहन निगम के अधिकारियों को दिया। इस अवसर पर भाजपा आजमगढ़ के जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण पाल, पूर्व अध्यक्ष प्रेम प्रकाश राय, बैडमिंटन कोच अजेंद्र राय आदि लोग मौजूद रहे।
