
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
विकास कार्य के भुगतान को लेकर शुक्रवार को मोहम्मदपुर ब्लाक के बी डी ओ और रोवा विशुनपुर गांव के प्रधान प्रतिनिधि के बीच जमकर कहासुनी हुई। इसको लेकर ब्लाक परिसर में हंगामा हो गया। लोगों की भीड़ जुट गयी। किसी तरह से मामला शांत कराया गया। घटना के संबंध में बी डी ओ ने गंभीरपुर थाने में तहरीर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही।
जानकारी के मुताबिक मोहम्मदपुर ब्लाक के ग्राम पंचायत रोवा विशुनपुर की प्रधान फूलमती देवी हैं। इनके द्वारा गांव में तमाम प्रकार के विकास कार्य करवाए गये हैं, लेकिन अभी तक कुछ कार्यों का भुगतान नहीं हो सका है। सरकारी बकाया राशि के भुगतान के लिए ग्राम प्रधान के पुत्र सूबेदार यादव शुक्रवार को ब्लॉक मोहम्मदपुर पहुंचकर अपने बकाया पेमेंट के लिए बात किए। इसको लेकर खंड विकास अधिकारी से बादविवाद होने लगा। हालांकि किसी तरह से लोगों ने मामला शांत कराया। घटना के संबंध में खंड विकास अधिकारी मोहम्मदपुर डॉक्टर आराधना त्रिपाठी द्वारा गंभीरपुर थाने में ग्राम प्रधान पुत्र के खिलाफ तहरीर दिया है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन ना तो वह आफिस में मिली और ना ही उन्होंने अपना फोन उठाया। वहीं ग्राम प्रधान पुत्र सूबेदार यादव ने बताया कि हमारा पेमेंट जनवरी महीने से बाकी है। जिसके लिए मैं लगातार चक्कर लगा रहा हूं। विभाग के अधिकारियों द्वारा कुछ गिने-चुने लोगों का पेमेंट किया गया है, जो उनके अपने करीबी हैं। लेकिन हमारा भुगतान नहीं हुआ है। धन न मिलने से काफी दिक्कत हो रही है। जिनके यहां से सामान खरीदे हैं, वे दुकानदार तगादा कर रहे हैं। विकास के कार्य करवाने के बाद सीना चौड़ा करने की बजाया हमें तगादा से डरकर मुंह छिपाना पड़ रहा है। इसके लिए जब मैं आज खंड विकास अधिकारी से बात किया तो धमकी दे रही हैं कि मैं तुम्हारा पेमेंट नहीं करूंगी।
