
दैनिक भारत न्यूज
गोंडा।
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के पूरेडाल गांव में बुधवार को मनबढ़ों ने दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिए। करीब दो दर्जन से अधिक लोगों ने इकट्ठा होकर एक मकान पर हथगोलों से बमबाजी और हवाई फायरिंग करने लगे। बताया जा रहा है कि बदमाश तब तक बम बरसाते रहे जब तक मकान ध्वस्त नहीं हो गया।
इस घटना में कयी लोग घायल हो गये। इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही। यह दोनों जिला अस्पताल गोंडा में भर्ती हैं।
लोगों की मानें तो बदमाशों की बमबाजी से मकान की छत और दीवार भरभरा कर गिर पड़ी और वहां रखा टीवी, फ्रिज, कूलर, बेड और अन्य घरेलू सामान बर्बाद हो गया। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की। घटना के संबंध में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
उधर घटना के बाद मौके पर क्षेत्र के लोगों की भीड़ जुट गयी। गांव वालों के मुताबिक आरोपियों की बमबारी से जब मकान ध्वस्त हो गया तो सभी बगल में स्थित मिहीलाल के घर में घुस गए। महिलाओं और बच्चों को जबरन निकालकर बुरी तरह पीटा और लूटपाट किए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दर्जनों मोटरसाइकिल और एक बोलेरो पर सवार होकर गांव में घुसे उत्पातियों ने लाठी- डंडे और कई हथियारों के साथ हमला बोला था। उन्होंने पूरे गांव को घेर लिया था। गांववालों का कहना है कि मुंह ढंककर आए लोगों ने घर से निकलकर भाग रहे पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को लाठी से पीटा। इसमें एक परिवार के कई लोग घायल हो गए। इनमें मिठू लाल और गुड्डा देवी का इलाज जिला अस्पताल गोंडा में चल रहा है। शेष अन्य को मामूली चोटें आई हैं।
