

दैनिक भारत न्यूज
बूढ़नपुर।
स्थानिय तहसील क्षेत्र के अतरैठ गांव में स्थिति हरि ॐ महाविद्यालय में गुरुवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। एसडीएम बूढ़नपुर प्रेमचंद मौर्या ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। यह रैली महाविद्यालय से निकल कर आसपास के क्षेत्र अतरैठ, भटनीचौक, हनुमानगढ़ी होते हुए शिव बाबा मंदिर से दुर्गा माता मंदिर होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में आकर समाप्त हुई। इस दौरान छात्रों द्वारा वोटरों को जागरुक करने संबंधी तमाम प्रकार के नारे लगाए गये।
जैसे सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो।, पहले मतदान उसके बाद जल पान आदि नारा शामिल था। रैली के बाद महाविद्यालय में संगोष्ठी हुई। उपजिलाधिकारी प्रेमचंद मौर्या ने छात्राओं को मतदान की शपथ दिलाते हुए कहा कि हमें अपने क्षेत्र में शत् प्रतिशत मतदान करना है। पहले स्वयं मतदान करें, उसके बाद अपने आसपास परिजनों को मतदान के लिए प्रोत्साहित करें। लोकतंत्र के इस पर्व को ऐतिहासिक बनाने के लिए 25 मई को मतदान अवश्य करें। तहसीलदार अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि मतदान के माध्यम से हम एक स्वच्छ लोकतंत्र पर्व का उत्सव मना करके देश में अच्छी सरकार बना सकते हैं। महाविद्यालय के व्यवस्थापक प्रदीप सोनी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान में हमें अपना मताधिकार करने का जो अधिकार प्राप्त है। यह हमारे लिए गौरव की बात है। हम भारत देश के निर्माता हैं। अपने मताधिकार की बदौलत हम देश की दशा और दिशा बदल सकते हैं। हमें सोच समझकर सच्चे व्यक्ति का चुनाव करना है। साथ ही लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की जरूरत है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर अनिल पाण्डेय ने कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉक्टर प्रीति गुप्ता, मातूभीख मिश्रा, शिवम चौरसिया, राकेश पाण्डेय, रिंकू सिंह, नितिन, विनीता पाण्डेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
