
दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
आजमगढ़।
शहर के बदमाशों में पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। यही कारण है की बदमाश बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजी घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के हीरापट्टी मुहल्ले में देखने को मिला। जहां दरवाजे के बाहर झाड़ू लगा रही महिला को बदमाश धक्का देकर गिरा दिए और गले से चेन छिनकर फरार हो गये।
आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र के हीरापट्टी मुहल्ले में केंद्रीय विद्यालय मार्ग स्थित कालोनी में सोमवार की सुबह करीब सवा दस बजे घर के बाहर झाड़ू लगा रही स्वास्थ्य कर्मी की पत्नी के गले से पता पूछने के बहाने सोने की चेन व कान से सोने की बड़ी बाली को छीनकर बाइक सवार बदमाश फरार होने में कामयाब हो गए। घटना के समय वहां आसपास कोई मौजूद नहीं था। खास बात है कि मुख्य मार्ग से ही घटना को अंजाम देकर बदमाश भागने में सफल रहे। आजमगढ़ ब्लड बैंक के पूर्व प्रभारी वर्तमान में जौनपुर में तैनात सुभाष पांडेय की पत्नी सोमवार की सुबह घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान एक बदमाश बाइक से उनके घर के पास आकर थोड़ा आगे रुका, फिर दूसरा बदमाश पीछे से लंगड़ाते हुए पैदल पहुंचा और बैंक कर्मी मनोज शर्मा का पता पूछने लगा। स्वास्थ्यकर्मी की पत्नी ने जैसे ही पता बताया कि तभी पास आकर बदमाश ने छीना झपटी चालू कर दी। इस दौरान पीड़ित महिला जमीन पर भी गिर गई। लेकिन उसके गले से जबरन सोने की चेन और कान की बाली छीनकर दोनों बाइक से फरार हो गए। पूरी घटना घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। महिला का दोनों कान नीचे से कट गया। जब महिला चीखने चिल्लाने लगी तब लोग मौके पर पहुंचे। महिला के कान से लगातार खून बह रहा था। जिसके बाद उनको डॉक्टर पास ले जाया गया। वहीं सूचना के बाद मौके पर शहर कोतवाली की पुलिस व बलरामपुर चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई थी।
उधर शहर कोतवाल शशिमौली पांडेय से बात करने पर उन्होने बताया कि अभी तक घटना की रिपोर्ट नहीं दर्ज हो सकी है, न ही तहरीर ही दिया गया। पुलिस अपने स्तर से मामले की फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
