

दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
आजमगढ़।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुलउर बाजार में आयोजित तिलक समारोह में गुरुवार की रात उस समय अफरा तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित मार्शल गाड़ी घुस गई। जिसकी चपेट में आने से 18 लोग आकर घायल हो गए। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गुलउर बाजार निवासी राजेश विश्वकर्मा के घर गुरुवार को तिलक समारोह था। सड़क किनारे ही समारोह आयोजित था। हंसी खुशी के साथ कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान जीयनपुर की तरफ से आ रही मार्शल गाड़ी अनियंत्रित होकर कार्यक्रम स्थल में ही घुस गई। जिससे करीब 18 लोग मार्शल की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन मेंअ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद मार्शल चालक मौके से फरार हो गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में सचिन (25), विशाल (22), अमन (18), दयाराम (25), पंकज पाल (26), अर्पित मौर्य (27), मोनू (28), अखिलेश (28), शुभम (24), बहफूर (42), चंदन (22), रोहित (16), नागेंद्र (25), प्रमोद (27), अजय (21), इंद्रजीत (18), रविन्द्र (40) शामिल हैं। घटना के बाद सभी घायल जिला अस्पताल लाये गए। जिसमें आधे बेहोशी की हालात में थे। एक साथ दर्जन भर घायलों के पहुंचने से अस्पताल की इमरजेंसी में भी अफरा तफरी मच गई थी। आनन फानन अस्पताल प्रशासन ने कई डॉक्टरों व स्टॉप को भी बुलाया। गंभीर मरीजों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
