
बोलेरो में सवार लोग भी हुए घायल, गाड़ी से निकलकर सभी लोग इधर उधर भागे
मौके पर पहुंची पुलिस घायल को अस्पताल भेजवाई, बोलेरो सहित अन्य सामान कब्जे में ले लिया
आशीष तिवारी
आजमगढ़।
स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अछीयां मिरवां गांव के पास मंगलवार की देर शाम को पटाखे से भरी बोलेरो बाइक सवार को रौंदते हुए पलट गयी। इस घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। उसके दोनों पैर कटना बताया जा रहा है, सिर में भी गंभीर चोटें आईं हैं। बोलेरो सवारों को भी चोटें आईं हैं, लेकिन सभी लोग बोलेरो से निकलकर भाग गये। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। घायल को अस्पताल भेजवाई। बोलेरो समेत अन्य सामान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गयी है।
घायल बाइक सवार संजय सिंह (44) पुत्र विनोद देवगांव कोतवाली क्षेत्र के अछीयां मिरवां गांव के रहने वाले हैं। मंगलवार की देर शाम को संजय देवगांव कोतवाली क्षेत्र के निहोरगंज बाजार से घर लौट रहे थे। देवगांव – मेहनाजपुर मुख्य मार्ग पर स्थित अछीयां मिरवां के पास पहुंचे कि मेहनाजपुर की तरफ से देवगांव की ओर जा रही अनियंत्रित बोलेरो संजय सिंह को रौदतें हुए पलट गयी। बोलेरो पलटने से उसमें सवार लोग भी घायल हुए। जबकि संजय का दोनों पैर कट गया है। उनके सिर में भी गंभीर चोटों आईं हैं। उधर घटना के बाद बोलेरो सवार घायल संजय को अस्पताल ले जाने की बजाय बोलेरो से निकलकर इधर उधर भाग गये। शादी ब्याह के अवसर पर सड़क पर वाहनों की आवाजाही तेज थी। घटना की सूचना पर डायल 112 नंबर की पुलिस मौके पर पहुंच गयी। वहां पर काफी संख्या में लोग जुट गये। पुलिस घायल को अस्पताल भेजवाई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बोलेरो में बड़ी मात्रा में पटाखा रखा गया था। अनुमान है कि किसी शादी ब्याह के अवसर पर आतिशबाजी के लिए जा रहे थे। लोगों की मानें तो शादी ब्याह के अवसर पर आतिशबाजी वैध और पर्वों पर आतिशबाजी अवैध क्यों?
मामला चाहे जो भी हो, देवगांव कोतवाली पुलिस सभी पहलुओं पर गौर करते हुए जांच पड़ताल करने में जुट गयी है। उधर घायल संजय सिंह को लालगंज सरकारी अस्पताल से रेफर कर दिया गया। हालत गंभीर बनी हुई है।
कोतवाल देवगांव राजीव कुमार मिश्रा ने बताया की घायल संजय सिंह को वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए भेजवा दिया गया है। बोलेरो से पटाखे भी मिले हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
