बीते अक्टूबर माह में भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने किया था उद्घाटन

जिला अस्पताल का यह प्याऊ खराब होने से मरीज और उनके घर वाले हो रहे परेशान

दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो

आजमगढ़।
प्यासों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से जिला अस्पताल परिसर में लगाया गया प्याऊ लगने के तीन दिन बाद ही खराब हो गया। अब यहां से पानी की एक बूंद तक नहीं टपक रही है। इससे अस्पताल परिसर में मरीज और उनके परिवार के लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। इसके लिए लोगों को जेब ढीली करनी पड़ रही है।
आजमगढ़ जिला अस्पताल में हमेशा मरीजों की भीड़ रहती है। इस अस्पताल की प्रतिदिन 12 से 15 सौ मरीजों की ओपीडी होती है। 24 घंटे मरीज और उनके घर वालों की भीड़ रहती है। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए अस्पताल के मुख्यगेट पर स्थित ब्लड बैंक के ठीक सामने पीने के पानी की व्यवस्था की गयी है। दावा है कि यहां से लोगों को शुद्ध जल मिलेगा। अस्पताल परिसर में चाय, नमकीन बेचने बाले दुकानदारों ने बताया कि अक्टूबर 2023 के अंत में आजमगढ़ के भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ और मुख्य चिकित्साधिकारी डाक्टर आईएन त्रिपाठी ने उद्घाटन किया। यह चालू होने के तीसरे ही दिन से बंद है। यहां से एक बूंद पानी नहीं नसीब हो रहा है। लोगों को पानी के लिए जेबें ढीली करनी पड़ रही है। यहां पर बोर्ड लगा है कि खराब होने पर फोन करें, तत्काल रिपेयर किया जाएगा। लोग फोन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला, न ही मशीन दुरूस्त हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *