

पूरे जिले में पांच दिनों तक चलेगी पुलिस का कार्रवाई
अभियान को सफल बनाने के लिए एसपी ने दिया निर्देश
दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
आजमगढ़।
सड़क के किनारे बड़े तथा छोटे वाहन खड़ा करने से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पांच दिवसीय अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार से शुरु हुए इस अभियान के पहले दिन 62 वाहनों का चालान काटा गया। एसपी के निर्देश पर यह अभियान जोर शोर से चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि प्रमुख मार्गों पर तमाम छोटे बड़े ढाबा और पेट्रोल पंप स्थित हैं। इनके आसपास तमाम छोटे बड़े वाहन खड़े रहते हैं। इनकी वजह से अक्सर हादसे होते रहते हैं। इन हादसों पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियान के तहत जनपद के समस्त थानाक्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के विरूद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार की रात को जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों के 73 स्थानों पर कुल 449 वाहनों को चेक किया गया तथा अवैध रुप से सड़क के किनारे खडे कुल 64 वाहनों का अधिकतम धनराशि से चालान किया गया। जिसमें थाना गम्भीरपुर से 18, थाना मुबारकपुर से 16, निजामाबाद से 12, देवगांव से 07, कन्धरापुर से 4, जहानागंज से 2, बरदह से 2 तथा थाना फूलपुर से 1 वाहन का चालान किया गया। एसपी ने बताया की शुक्रवार की रात को भी पुलिस का यह अभियान जारी रहेगा।
