
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की जांच में खुली निजामाबाद थाने की पोल
एसपी ने तत्काल दुर्व्यवस्था को दूर करने का दिया निर्देश
दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
आजमगढ़।
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने शुक्रवार को निजामाबाद थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक मुंशी की लापरवाही उजागर होने पर उसे निलंबित करने और दूसरे मुंशी का अन्यत्र कहीं ट्रांसफर करने का निर्देश दिया। इसके अलावा थानाध्यक्ष की प्रारंभिक जांच करने का निर्देश दिया। एसपी के इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य शुक्रवार की शाम को अचानक निजामाबाद थाने पहुंच गये और औचक निरीक्षण किए। इस दौरान थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस आफिस, मालखाना, बैरक, मेस, शौचालय, हवालात को चेक किए। एसपी द्वारा थाना कार्यालय में सभी अभिलेखों का अवलोकन किया गया, जनसुनवाई रजिस्टर को चेक किए। इस दौरान पता चला की
थाना प्रभारी द्वारा प्रतिदिन का फीड बैक नहीं लिया जा रहा है। जिस पर एसपी ने नाराजगी व्यक्त किया। इस लापरवाही के लिए थानाध्यक्ष की प्रारम्भिक जाँच के आदेश दिया। इसके अलावा ड्यूटी रजिस्टर को चेक किए। जिसमें कार्यालय मुंशी द्वारा पूर्व में निर्गत आदेश के प्रारूप में ड्यूटी न लगाये जाने व कार्य सरकार में लापरवाही पाये जाने एक कार्यालय मुंशी को जांच कर निलम्बित करने तथा एक कार्यालय मुंशी को अन्यत्र स्थानान्तरित करने के आदेश दिए। दोनों कार्यालय मुंशियों का टर्नआउट सही न पाये जाने पर अर्दली रुम किया गया। एसपी ने
जुम्मे की ड्यूटी को चेक किया। जिसमें मौके पर न मिलने वाले थाना प्रभारी को चेतावनी व प्रारम्भिक जांच के आदेश दिए।
थाना परिसर में खड़े वाहनों को अपराध शीर्षकवार खड़ी कर नियमानुसार निस्तारण की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। इसके बाद मालखाने का निरीक्षण कर मालखाना मुहर्रिर को माल निस्तारण हेतु निर्देशित किए। थाना समाधान दिवस पर जनता की शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को मौके पर जाकर शिकायतों की तत्काल, निष्पक्ष व न्यायोचित जांच कर विधिक निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया।
