दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
दस साल से मानदेय न बढ़ने से नाराज स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के आउटसोर्स कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को कंसलटेंट एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन (सेवा) के बैनर तले जनपद के सभी जिला कंसलटेंट, खंड प्रेरक और कंप्यूटर ऑपरेटरों ने जिला पंचायत राज अधिकारी के माध्यम से मिशन निदेशक को संबोधित ज्ञापन सौंपा और 8 सूत्रीय मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
कर्मचारियों ने बताया कि 2014 से अब तक मिशन के 33 कर्मचारी कार्य के दौरान मृत हो चुके हैं, लेकिन उनके परिवारों को आज तक कोई सहायता नहीं मिली। कर्मचारियों का आरोप है कि निदेशालय का रवैया हठधर्मितापूर्ण है, कई बार ज्ञापन देने के बाद भी सिर्फ आश्वासन देकर टरकाया जा रहा है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें – गाइडलाइन के अनुसार राज्य, मंडल, जिला और ब्लॉक स्तर के कर्मचारियों का मानदेय तय कर प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत बढ़ोतरी, 5 लाख तक कैशलेस इलाज, 20 लाख का एक्सीडेंटल बीमा, मृतक 33 कर्मचारियों के परिवारों को लाभ, महिला कर्मचारियों को सवैतनिक मातृत्व अवकाश, एचआर पॉलिसी बनाना, पारस्परिक स्थानांतरण और काटे गए जीएसटी व सर्विस टैक्स को वापस करना शामिल हैं।
सेवा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल केसरी ने बताया कि 28 नवंबर को कर्मचारी सामूहिक कार्य बहिष्कार करेंगे। कार्यालय में उपस्थिति दर्ज करेंगे लेकिन कोई काम नहीं करेंगे। 29 को जनप्रतिनिधियों को और 30 को उपनिदेशक पंचायत के माध्यम से निदेशक को ज्ञापन देंगे। मांग न मानी गई तो 1 दिसंबर से पूरे प्रदेश में पूर्ण कार्य बहिष्कार और 7 दिसंबर को पंचायतीराज निदेशालय और मंत्री के आवास का घेराव किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *