दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिला पर्यावरण, जिला गंगा एवं जिला वेटलैंड समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग दीक्षा भण्डारी ने की। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और वृक्षारोपण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पराली दहन से होने वाले वायु प्रदूषण को गंभीरता से लिया गया। प्रभागीय निदेशक ने पराली जलाने की घटनाओं की प्रभावी रोकथाम और किसानों को जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल अवशेषों के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए प्रेरित किया जाए।
वृक्षारोपण की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि रोपित सभी पौधों की शत-प्रतिशत जीवितता और संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए स्थलवार नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जहां पौधे सूख गए हैं, वहां तत्काल नए पौधे लगाए जाएं। जिन विभागों ने अभी तक जियो टैगिंग पूरी नहीं की है, वे इसे तत्काल पूरा करें। आगामी अभियान के लिए अभी से उपयुक्त भूमि चिह्नित कर कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
वेटलैंड संरक्षण पर जोर देते हुए चिन्हित सभी आर्द्रभूमियों का परिसीमन कर सीमांकन स्तम्भ लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि अतिक्रमण रोका जा सके। वहीं, गंगा समिति की समीक्षा में नदियों के किनारे बायोरेमेडिएशन कार्य कराकर उन्हें स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखने पर बल दिया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर, अपर जिलाधिकारी राजीव कुमार शुक्ला, सहायक पुलिस अधीक्षक ईश्वर लाल गुर्जर, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *