दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
मनरेगा तकनीकी सहायक एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जनपद इकाई ने तकनीकी सहायकों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने पांच वर्षों से मानदेय में बढ़ोतरी नहीं होने और मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद मानव संसाधन नीति (एचआर पॉलिसी) लागू न किए जाने पर नाराजगी जताई।
ज्ञापन में कहा गया कि मनरेगा एवं वीबी-जी राम जी योजना के तहत कार्यरत तकनीकी सहायक फील्ड कर्मचारी हैं। उन्हें प्रतिदिन ग्राम पंचायतों में चल रहे कार्यों का इस्टीमेट तैयार करने और निर्माण कार्यों के पर्यवेक्षण के लिए क्षेत्र में जाना पड़ता है। इस पर प्रत्येक तकनीकी सहायक को अपने मानदेय से औसतन छह हजार रुपये प्रतिमाह पेट्रोल पर खर्च करने पड़ते हैं। इसके बावजूद मानदेय में पिछले पांच वर्षों से कोई वृद्धि नहीं हुई है।
संगठन ने प्रमुख मांगों में तकनीकी सहायकों का मानदेय जूनियर इंजीनियर के न्यूनतम वेतनमान के अनुरूप 35,400 रुपये प्रतिमाह करने, पेट्रोल खर्च अलग से देने और मुख्यमंत्री द्वारा घोषित एचआर पॉलिसी शीघ्र लागू करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि 28 सितंबर को ग्राम्य विकास विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ वार्ता हुई थी। अधिकारियों ने समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया था। इसके बाद संगठन ने प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन भी स्थगित कर दिया, लेकिन अब तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। इससे तकनीकी सहायकों में आक्रोश और निराशा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *