
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
गुरुवार को श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय, आज़मगढ़ में ‘भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण एवं संवर्द्धन में लोकसंगीत की भूमिका’ विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता प्रो. ज्योति सिन्हा एवं विशिष्ट वक्ता डॉ. अनीता यादव उपस्थित रहीं। अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. निशा कुमारी ने की तथा संचालन सपना साहू ने किया।
मुख्य वक्ता प्रो. ज्योति सिन्हा ने कहा कि लोकसंगीत भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामूहिक जीवनानुभवों का जीवंत दस्तावेज है। लोकगीतों के माध्यम से हमारी जीवनशैली, संस्कार, रीति-रिवाज एवं जीवन मूल्य पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित होते हैं।
विशिष्ट वक्ता डॉ. अनीता यादव ने कहा कि सोहर, कजरी, चैती, बिरहा एवं विवाह गीत भारतीय लोकजीवन की समृद्ध सांस्कृतिक अभिव्यक्तियाँ हैं। लोकसंगीत के संरक्षण, संवर्द्धन एवं नई पीढ़ी तक इसके हस्तांतरण के लिए इसके दस्तावेजीकरण और शैक्षणिक गतिविधियों में समावेश की आवश्यकता है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. निशा कुमारी ने कहा कि लोकसंगीत हमारी सांस्कृतिक पहचान का महत्त्वपूर्ण आधार है। इसके संरक्षण में शैक्षणिक संस्थानों की महत्त्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
