दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के फखरुद्दीनपुर गांव के पास स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 252 किमी. पर गुरुवार की सुबह करीब सात बजे घना कोहरे की वजह से रास्ता दिखाई नहीं दिया और दिल्ली से गाजीपुर जा रही प्राइवेट बस सामने चल रहे ट्रेलर में घूस गई। इस दौरान चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि 14 यात्री घायल हो गए। इनका अलग-अलग अस्पताल में इलाज चल रहा। घायलों में महिला-पुरुष और बच्चे शामिल हैं। घटना के समय बस दिल्ली से गाजीपुर जा रही थी। हादसे के वक्त बस के पीछे चल रहे अन्य सात वाहन भी आपस में टकरा गए। इनके वाहनों को नुकसान हुआ है। जबकि वाहन में बैठे लोगों को मामूली चोटें आईं हैं।
घटना के बाद यात्रियों की चीख पुकार मच गई। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंच गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस, अग्निशमन दल विभाग के लोग पहुंच गए। गांव वालों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मरने वालों में दिल्ली शालीमार के रहने वाले सत्यवीर राठौर पुत्र संतोश, शाहिनबाग मुहल्ले के रहमान अपार्टमेंट में रहने वाले मो. फैजल खान और इटावा के मानिकपुर क्षेत्र के श्याम कुमार हैं। जबकि घायलों में आलोक (37), संगम लाल तिवारी (70), आंचल (19), गोविंद यादव (28), नंदनी (27), शैलेंद्र सिंह (29), श्याम जीवन यादव (50), आरव (8), रिषि वर्मा (25), विकास सिंह (35), रेखा (30), धीरज कुमार (27), अनाराग (19) का नाम शामिल है। यह सभी लोग गाजीपुर जिले के अलग-अलग क्षेत्र के रहने वाले हैं। बताया जाता है कि यह लोग दिल्ली से प्राइवेट बस में बैठकर गाजीपुर जा रहे थे। यह लोग बुधवार की शाम को दिल्ली से प्राइवेट बस में बैठकर गाजीपुर जा रहे थे।
गुरुवार की सुबह अचानक मौसम ने करवट ले लिया और आसमान में घना कोहरा छा गया। आलम यह रहा कि सामने 20 से 30 मीटर तक नहीं दिखाई दे रहा था। सड़कों पर वाहन रेंगते हुए चल रहे थे। इस दौरान ज्यादातर वाहन एक दूसरे के पीछेे दूरी बनाकर चल रहे थे। ऐसे में यह बस भी सामने चल रहे एक ट्रेलर के पीछे चल रही थी। इनके पीछे भी तमाम वाहन लगे हुए थे। सुबह सात बजे के करीब मुबारकपुर थाना क्षेत्र के फखरुद्दीनपुर गांव के पास स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 252 किमी. पर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक खड़ा था। जिससे बचने के लिए ट्रेलर ने ब्रेक लगाया और पीछे चल रही प्राइवेट बस ट्रेलर में घुस गई। जबकि बस के पीछे चल रहे वाहन एक दूसरे से टकरा गए। ज्यादातर नुकसान बस में बैठे लोगों का हुआ है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक बस में सवारियों से ज्यादा सामान लदा हुआ था। लोगों का कहना था कि यदि ओवरलोड लगेज न होता तो वाहन काबू में करने में चालक को जान जोखिम में नहीं डालनी पड़ती। इस हादसे का जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने संज्ञान लेते हुए राहत और बचाव दल को तत्काल मौके पर भेजा था। इस संबंध में एसपी ट्रैफिक पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे के अन्य कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
