
आशीष तिवारी
आजमगढ़।
गंभीरपुर थाने की पुलिस शनिवार को बेचन बाबा मोड़ के पास से फरार चल रही दो महिला ठगों को गिरफ्तार कर लिया। यह दोनों महिलाएं किसी को अपना शिकार बनाने की फिराक में थी। गिरफ्तार इन दोनों महिलाओं पर पुलिस अधीक्षक डा. अनील कुमार की तरफ से 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। दोनों महिलाएं जौनपुर जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र के ब्राह्मणपुर झमका गांव की रहने वाली हैं।
सीओ सदर ईश्वर लाल गुर्जर के मुताबिक गिरफ्तार दोनों महिला आरोपियों में गरीबुन पत्नी आसिक और मेहनाज पत्नी स्व. गुड्डू का नाम शामिल है। यह दोनों महिलाएं जौनपुर जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र के ब्राह्मणपुर झमका गांव की रहने वाली हैं। सीओ के मुताबिक गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सरायपलटू गांव निवासी रेखा कन्नौजिया पत्नी वीरेंद्र ने 12 सितंबर 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें आरोप था कि तीन अज्ञात महिलाएं उसके घर पहुंची तथा पूजा पाठ और तंत्र मंत्र कराने का बहाना करके उसे विश्वास में लेकर लाखों रुपये मूल्य के आभूषण लेकर फरार हो गई। पुलिस केस दर्जकर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई और विवेचना के दौरान नाम प्रकाश में आने पर पुलिस इन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजवा दिया। पुलिस इन महिला ठगों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत 21 फरवरी 2026 को कार्रवाई की। इस कार्रवाई के बाद से यह दोनों महिला ठग फरार हो गई। इनका कुछ पता न चलने पर पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार द्वारा सात सितंबर 2026 को दोनों महिलाओं पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। सीओ ने बताया कि शनिवार को एसओ गंभीरपुर अमित कुमार त्रिपाठी अपनी टीम के साथ बेचन बाबा मोड़ के पास मौजूद थे। इस दौरान मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर इन दोनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों महिलाओं का चालान कर इन्हें जेल भेजवा दिया।
