
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
18 साल से पुलिस की आंख में धूल झोंककर फरार रहने वाला 50 हजार का इनामी बदमाश बुधवार को शहर के प्राइवेट बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया गया। वह साल 2008 में अदालत में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। तभी से पुलिस उसे तलाश रही थी, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। वह दीवाली का त्यौहार मनाने के लिए अपने घर आया हुआ था। मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी मानुष पारीक के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राकेश पांडेय उर्फ राजू पुत्र रामानंद पांडेय है। वह देवगांव कोतवाली क्षेत्र के खुरशु गांव का निवासी है। एसपी सिटी ने बताया कि राकेश पांडेय नशे का कारोबार करता था। साल 2008 में देवगांव पुलिस ने राकेश को गिरफ्तार कर जेल भेजवा दिया। 29 अप्रैल 2008 को पुलिस राकेश पांडेय को जेल से अदालत में पेशु के लिए ले जा रही थी। इस दौरान वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। पुलिस ने राकेश की गिरफ्तारी के लिए तमाम तरह से प्रयास किए, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। ऐसे में डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र की तरफ से फरार राकेश पांडेय पर 50 हजार रुपये का इनाम घोशित किया गया। इधर पुलिस राकेश को ढूंढ रही थी। जबकि वह भागकर मुंबई चला गया और अलग-अलग ठिकाने बदलकर रहने लगा। फरारी के काफी दिन हो जाने के बाद राकेश को लगा कि अब पुलिस सबकुछ भूल चुकी होगी। ऐसे में वह मुंबई से दीवाली का त्यौहार मनाने के लिए आया। राकेश बुधवार को किसी काम से जिला मुख्यालय पर पहुंचा। इस दौरान मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय अपनी टीम के साथ राकेश पांडेय को गिरफ्तार कर लिए। पुलिस ने राकेश का चालान कर उसे जेल भेजवा दिया।
