आशीष तिवारी

आजमगढ़।
जिले के बरदह गांव में गुरुवार को 42 वर्षीय अकबरी पत्नी ताहिर नामक महिला की धारदार हथियार से गर्दन रेतकर हत्या करने का अनुमान है। खून से लतपथ महिला की लाश कमरे में जमीन पर पड़ी थी। मामले की जानकारी तब हुई जब स्कूल से उसके बच्चे घर लौटे। घटना की सूचना पर एसएसपी डा. अनिल कुमार, सीओ लालगंज भूपेश पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल किए। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गयी है।
घटना के संबंध में गांव वालों का कहना है कि गुरुवार की सुबह अकबरी को लोगों ने देखा था। इसके बाद उसके दोनों बेटे अमीर (16) और असद (8) स्कूल चले गए। स्कूल से लौटने के बाद दोनों ने घर के बाहर से मां को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अंदर पहुंचने पर दोनों ने मां को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देखा। इसके बाद बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। उसका पति ताहिर मुंबई में लूम का काम करता है और वहीं रहकर परिवार का भरण-पोषण करता है। अकबरी के तीन बेटे और एक बेटी है। बेटी सिमरन की शादी खराट गांव में हुई है, जबकि बड़ा बेटा समीर पिता के साथ मुंबई में रहता है। दो छोटे बेटे अमीर और असद बरदह के एक निजी स्कूल में पढ़ते हैं। बच्चे अपनी मां की निर्मम हत्या से काफी दुखी और सदमे में हैं।
एसएसपी डा. अनिल कुमार के मुताबिक फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और क्राइम ब्रांच ने मौके से साक्ष्य जुटाए। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गयी है। हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *