दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर गांव निवासी गैंगस्टर के आरोपी व ग्राम प्रधान प्रत्याशी नागेंद्र यादव ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, नागेंद्र यादव गांव से लगभग 200 मीटर दक्षिण दिशा में स्थित मुबारकपुर थाना क्षेत्र के जमुआं गांव के एक बगीचे में पहुंचा। वहां उसने 9 एमएम पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली मार ली। गोली लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही जीयनपुर कोतवाल विनय कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सगड़ी अनिल कुमार वर्मा तथा मुबारकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।बताया जा रहा है कि नागेंद्र यादव आगामी ग्राम प्रधान चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था। पुलिस अभिलेखों के अनुसार उसके विरुद्ध गैंगस्टर, चोरी, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में जीयनपुर कोतवाली और अन्य थानों में कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं इस पूरे मामले में जीयनपुर कोतवाल विनय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मृतक के पास 9 एमएम पिस्टल कहां से आई, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *