
दैनिक भारत न्यूज
मऊ।
जिले के घोसी तहसील के सरायसादी क्षेत्र में आयोजित एक सोलर प्लांट के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गई जब मंच पूरी तरह से पारिवारिक विवाद और राजनीतिक खींचतान का अड्डा बन गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की मौजूदगी में पूर्व मंत्री कल्पनाथ राय की बहू मंच पर ही फफक-फफक कर रो पड़ीं।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री कल्पनाथ राय की बहू को माइक मिला तो उनका दर्द छलक उठा। उन्होंने मंत्री ए.के. शर्मा की मौजूदगी और मंच पर बैठे अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की ओर इशारा करते हुए बिना नाम लिए जमकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने मेरे घर को तोड़ा है, आज उन्हीं लोगों को मंच पर बड़े शान से बैठाया गया है। पीड़िता ने मंच से ही न्याय की गुहार लगाई और राजनीतिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। मंत्री के सामने अचानक हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे से वहां मौजूद प्रशासनिक अमले और नेताओं में हड़कंप मच गया। स्व. कल्पनाथ राय की बहू मंच पर जब भाषण दे रही थी तो उनके पूर्व पति सिद्धार्थ राय ने कान में उगली डाल ली और अपने पारिवारिक रिश्तों की दूरियां मंच से साझा कर दिया।
अपनी बात रखने के कुछ ही देर बाद वह बेहद गुस्से और नाराजगी की हालत में माइक छोड़कर मंच से नीचे उतर गईं और कार्यक्रम स्थल से बाहर चली गईं। उनके इस अचानक कदम से वहां मौजूद लोगों और समर्थकों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। राजनीतिक गलियारों में खलबली विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन जैसे महत्वपूर्ण सरकारी मंच पर इस प्रकार का पारिवारिक और निजी विवाद सामने आने से प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल इस घटना के बाद से मऊ जिले की सियासत गरमा गई है और हर तरफ इसी बात की चर्चा हो रही है कि आखिर कल्पनाथ राय परिवार के इस आंतरिक और संपत्ति विवाद में कौन लोग शामिल हैं, जिन्हें लेकर मंच पर इतना बड़ा बवाल हुआ।
