दैनिक भारत न्यूज

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के मुंडाली थाना क्षेत्र के मुरलीपुर गांव से मंगलवार को जो घटना उजागर हुई, उसने ना केवल पति-पत्नी बल्कि मां-बेटे के रिश्तों को भी कलंकित कर दिया। जहां संबंध के चलते घर में क्लेश हुआ और महिला ने अपने ही जिगर के टूकड़े को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस आरोपी मां के जरिए घटना की और गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।
मुरलीपुर निवासी अनिल तोमर नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। जबकि उसकी पत्नी मीनाक्षी अपने सात माह के मासूम के साथ रहती थी। मीनाक्षी का मायका मुरादाबाद जिले में है। मीनाक्षी के पति अनिल का आरोप है कि उसकी पत्नी के दिल्ली के समसपुर बदली निवासी मोहित नामक युवक से संबंध हैं। इस बात को लेकर मीनाक्षी और अनिल के बीच काफी दिनों से झगड़ा चल रहा था। अनिल ने बताया कि वह नौकरी के सिलसिले में नोएडा में था। इसी दौरान उसे सूचना मिली कि उसके सात माह के बेटे की अचानक मौत हो गई है। सूचना मिलते ही वह गांव पहुंचा और बेटे की मौत के बारे में पता लगाने लगा। आरोप है कि पूछताछ के दौरान पत्नी का व्यवहार संदिग्ध लगा और उसने धमकी भरे अंदाज में कहा कि नीले ड्रम वाला मामला मत भूलना, जैसा मुस्कान ने अपने पति के साथ किया था, वैसा तेरे साथ भी हो सकता है। अनिल ने बताया कि मीनाक्षी की इस बात के बाद उसका शक गहरा हो गया। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दिया। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो चौंकाने वाला मामला सामने आया। सूत्रों के अनुसार पूछताछ में महिला ने बेटे की हत्या कर शव को दफनाने की बात स्वीकार की है।
एसपी ग्रामीण मेरठ अभिजीत कुमार ने बताया कि पति की तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा कि मासूम की मौत किन परिस्थितियों में हुई और हत्या के पीछे ठोस वास्तविक कारण क्या हैं।
इस घटना से सनसनी फैल गयी है। लोगों के मुताबिक जिस मां की गोद बच्चे के लिए सबसे सुरक्षित मानी जाती है, उसी मां पर अपने मासूम बेटे की जान लेने का आरोप लग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *