
जरूरतमंद
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं देश के पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर शनिवार को नेहरू हाल, कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में जुटे लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया। कार्यक्रम में समाजवाद, सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और गरीबों के अधिकारों के लिए उनके संघर्षों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत बिरहा गायकों द्वारा मुलायम सिंह यादव के जीवन, संघर्ष और राजनीतिक योगदान पर आधारित गीतों की प्रस्तुति से हुई।
सभा को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने भारतीय राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनके विचारों, आदर्शों और संघर्षों पर चलकर ही देश को खुशहाल एवं समृद्ध बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज भी नेताजी के विचार प्रासंगिक हैं। उनके संघर्षों को आगे बढ़ाने का काम सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कर रहे हैं। उन्होंने सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाते हुए पीडीए के लोगों को उनका अधिकार दिलाने का संकल्प दोहराया।
पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव युगपुरुष थे। उन्होंने गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के साथ होने वाले अन्याय एवं अत्याचार के खिलाफ संघर्ष किया। उनके प्रयासों से देश में सामाजिक न्याय की ताकतों को मजबूती मिली, जो आज भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही हैं।
एमएलसी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने कहा कि नेताजी ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के साथ ही संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण फैसले लिए। वह धर्मनिरपेक्ष और मानवतावादी विचारधारा के समर्थक थे।
सभा को विधायक डॉ. संग्राम यादव, नफीस अहमद, अखिलेश यादव, पूजा सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली और जिला महासचिव हरिप्रसाद दुबे सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
27 जरूरतमंद छात्राओं को वितरित की गईं साइकिलें
पुण्यतिथि कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी एवं राजनीतिज्ञ डॉ. अमित सिंह ने शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 27 जरूरतमंद छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने कार्यकाल में छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए साइकिल वितरण की पहल की थी। उन्हीं के विचारों से प्रेरणा लेकर उन्होंने भी जरूरतमंद छात्राओं को साइकिल देने का संकल्प लिया।
डॉ. अमित सिंह ने कहा कि नेताजी का मानना था कि जो व्यक्ति गरीबों के दुख-दर्द में शामिल नहीं होता, उसके भीतर संवेदना नहीं हो सकती और वह सच्चा समाजवादी नहीं हो सकता। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे और वे खुशी-खुशी अपने घरों को रवाना हुईं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण नेहरू हाल के अंदर और बाहर काफी भीड़ रही। सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की, जबकि संचालन सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव ने किया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. एचएन सिंह पटेल, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव, पूर्व विधायक अभय नारायण पटेल, पूर्व प्रत्याशी जयराम सिंह पटेल, संतोष कुमार गौतम, पप्पू कुमार यादव, डॉ. हरिराम यादव, सूरज राजभर, जगदीश प्रसाद, शिवसागर यादव और वीरू यादव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
