

दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
छेड़खानी की शिकायत पर तरवां थाने की पुलिस जिस युवक को पूछताछ के लिए थाने लाई थी। उसकी लाश थाने के बाथरुम में पैजामे के नाड़े के सहारे लटकती मिलने से सनसनी फैल गयी। घटना की सूचना मिलने पर परिवार के लोग आक्रोशित हो गये और पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में पथराव करने लगे। इस दौरान पुलिस की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिए। सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस पहुंची। अधिकारी स्थिति को नियंत्रण में किए। मौके पर तनाव का माहौल बना हुआ है।
बता दें कि तरवां थाना क्षेत्र के उमरी पट्टी गांव निवासी सनी कुमार पुत्र हरिकांत के खिलाफ एक किशोरी के घर वालों ने तहरीर दिया था। जिसमें आरोप था कि 28 मार्च की दोपहर एक किशोरी रास्ते से गुजर रही थी, इस दौरान सनी ने मोबाइल पर तेज आवाज में अश्लील गाने बजाते हुए किशोरी की तरफ देखकर अश्लील इशारा किया। शनि के इस बात से नाराज होकर किशोरी ने घर वालों से शिकायत की। किशोरी के घर वालों ने थाने पर तहरीर दिए।
इस मामले में पुलिस सनी कुमार को हिरासत में लिया। रविवार की देर रात सनी ने थाने के बाथरूम में अपने पैजामे के नाड़े का फंदा बनाकर आत्महत्या कर लिया। घटना की जानकारी तब हुई जब गार्ड बाथरूम की खिड़की खोलकर देखा। अंदर सनी की लाश लटकी हुई दिखी। इस सूचना पर हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही सनी के परिजन थाने पहुंच गये। घर वाले पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। आक्रोशित लोगों ने पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल शुरू कर दिया। इस मामले की सूचना के बाद आला अधिकारी कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। और सभी लोग माहौल शांत कराने के प्रयास में जुट गये। थाने पर सभी लोग जमे हुए हैं।
