
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में 21 नवंबर को हुए हत्याकांड में मारे गये तीनों परिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की गयी है। इस बात की जानकारी जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वारा दी गयी।
उन्होंने बताया कि स्व. महेन्द्र पाठक एवं स्व. अखिलेश मिश्रा के परिवार को पांच पांच लाख, जबकि तीसरे परिवार की माता-पिता एवं भाई की मृत्यु के उपरान्त बची दो छोटी बच्चियों में से प्रत्येक बच्ची के लिए ढाई ढाई लाख रुपये की सहायता धनराशि दी जायेगी। सीएम की घोषणा के विषय में पीड़ित परिवारों को डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी डा. अनिल कुमार द्वारा सांत्वना देते हुए शोक संवेदना व्यक्त की गयी। साथ ही अवगत कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित परिवार को अन्य कई सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। जैसे मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, शिक्षा का अधिकार अधिनियम आदि के तहत इन परिवारों के पात्र लाभार्थियों को यथासंभव अधिक से अधिक लाभ दिलाया जाएगा। जिसकी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी द्वारा रिपोर्ट तैयार की जा रही है। प्रशासन की अपील पर समाज के एक गणमान्य महानुभाव द्वारा तीनों पीड़ित परिवारों को एक एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की गयी है। आजमगढ़ प्रशासन द्वारा उठाए गये इस कदम की लोग सराहना कर रहे हैं।
