दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
किसान नेता राजीव यादव ने आजमगढ़ जिले के मिर्जापुर ब्लाक स्थित निर्माणाधीन सौ शैय्या युक्त अस्पताल को तत्काल संचालित करने की मांग की है। अस्पताल के संचालन से निजामाबाद क्षेत्र की जनता को उपचार के लिए जिला अस्पताल मजबूरन नहीं जाना पड़ेगा।
सोशलिस्ट किसान सभा महासचिव राजीव यादव ने सम्पर्क संवाद कार्यक्रम के तहत मिर्जापुर ब्लाक के पीछे स्थित अस्पताल का हाल जाना। इस दौरान लोगों ने बताया कि काफी समय से भवन बेकार पड़ा है।
इस अस्पताल के संचालन से क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याओं का तत्काल समाधान मिल जाता, लोगों को जिला मुख्यालय नहीं भटकना पड़ता। क्षेत्रवासियों ने बताया कि 2007 में यूपी की बसपा सरकार के कार्यकाल में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिकहुला स्वीकृत हुआ था। उन्नीस साल में कई सरकारें आईं-गईं पर अस्पताल की व्यवस्था नहीं शुरू हो सकी।राजीव ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था के बड़े-बड़े दावों की यह निर्माणाधीन अस्पताल पोल खोल देता है।
किसान नेता राजीव यादव ने कहा कि स्कूल, अस्पताल, सड़क आम जनता के बेहतर जीवन के लिए बहुत जरूरी है पर निजामाबाद में यह सब सपना बनकर रह गया है। अस्पताल न होने के चलते महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और आम जनता बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रह जाते हैं। निजामाबाद क्षेत्र जहां अत्याधिक जर्जर सड़कें हैं वहां अस्पताल न होने के चलते बीमार जनता का जीवन संकट में पड़ जाता है। राजीव ने जल्द से जल्द अस्पताल के संचालन की मांग करते हुए भदुली, निजामाबाद और मिर्जापुर, लाहीडीह, कौड़िया, मुंडियार होते हुए माहुल बेलवाई मार्ग के निर्माण की मांग दोहराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *