
दैनिक भारत न्यूज
मेहनगर (आजमगढ़)।
स्थानीय थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमिका से मिलने आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मेहनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से जहानागंज थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव निवासी
दीपक का प्रेम संबंध बताया जा रहा है।
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे सूचना मिली कि युवक ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने के बाद फांसी लगा लिया है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभिराज सरोज फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।
