दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा परिवहन नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देशन में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान रोडवेज बस स्टेशन के आसपास परमिट की शर्तों के विपरीत संचालित हो रही बसों के विरुद्ध सघन जांच की गई।
जांच के दौरान पाया गया कि कई निजी बसें निर्धारित मार्ग एवं परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए रोडवेज बस स्टेशन के निकट अवैध रूप से सवारी भर रही थीं। यह गतिविधि न केवल परिवहन नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा उत्पन्न करती है।
उक्त अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए एआरटीओ प्रवर्तन अतुल कुमार यादव द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई तथा परमिट शर्तों के उल्लंघन के अभियोग में 05 बसों को सीज कर थाना कोतवाली में निरुद्ध कराया गया। संबंधित वाहन स्वामियों एवं संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।
एआरटीओ प्रवर्तन ने स्पष्ट किया कि परिवहन विभाग द्वारा ऐसे वाहनों के विरुद्ध आगे भी निरंतर अभियान चलाया जाएगा जो बिना अनुमति अथवा परमिट की शर्तों के विपरीत संचालन कर रहे हैं। उन्होंने वाहन संचालकों से अपील की कि वे निर्धारित नियमों एवं परमिट की शर्तों का पूर्णतः पालन करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित वाहनों एवं नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग ने कहा कि जनहित एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *