
दैनिक भारत न्यूज
आजमगढ़।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय परिसर में रू0 955 करोड़ से अधिक लागत की 39 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास, वृक्षारोपण, प्रदर्शनी स्टॉल का अवलोकन व विशाल जनसभा को सम्बोधित करने का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के उपरांत जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने ड्यूटीरत प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पुलिस कर्मियों के समर्पण भाव से किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संपूर्ण प्रशासनिक तैयारियां जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में सुनिश्चित की गईं। इसके लिए उन्होंने पिछले 3-4 दिनों से लगातार कार्यक्रम स्थल सहित कलेक्ट्रेट सभागार एवं कार्यक्रम स्थल पर अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए तथा सभी अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित करते हुए उनके कार्य दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण किया था। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण तत्परता, समर्पण भाव एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समन्वय के कारण यह वीवीआईपी कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। उन्होंने सभी को भविष्य में भी इसी प्रकार टीम भावना एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
