दैनिक भारत न्यूज

वाराणसी।
भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर को 22 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। जेई नए मकान के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन देने के बदले घूस की मांग कर रहा था।
कैंट थाना क्षेत्र के टकटकरपुर निवासी अमित कुमार श्रीवास्तव ने अपने निर्माणाधीन मकान के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन हेतु ऑनलाइन आवेदन किया था। आरोप है कि विद्युत उपखण्ड पांडेयपुर में तैनात अवर अभियंता सुखदेव स्वरूप रस्तोगी ने कनेक्शन जारी करने के बदले 22 हजार की मांग की और पैसे लेने के लिए आवेदक को अपने प्लॉट पर बुलाया।
पीड़ित ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए एंटी करप्शन विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद निरीक्षक उमाशंकर यादव के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
शुक्रवार सुबह जैसे ही आरोपी जेई ने शिकायतकर्ता से 22 हजार रुपये का घूस लिया। पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के हाथ धुलवाए गए तो केमिकल टेस्ट में पानी गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। टीम ने रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी सुखदेव स्वरूप रस्तोगी के खिलाफ कैंट थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *