दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
कोरोना 19 की पहली लहर में महामारी फैलाने के आरोप में दर्ज एक आपराधिक मुकदमे में अदालत ने भाजपा नेता समेत 14 आरोपियों को बड़ी राहत प्रदान की है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोर्ट संख्या-13 कुंवर रोहित आनंद ने अभियोजन विभाग के मुकदमा वापस लेने के प्रार्थना पत्र को स्वीकार करते हुए मुकदमा समाप्त कर दिया। थाना कप्तानगंज में कोरोना के पहली लहर में 2020 में हरिवंश मिश्रा, विपुल पाण्डेय, अंगद राय, राजेश सोनकर, अवधेश गुप्ता, अखिलेश गुप्ता, राजेश गुप्ता, सुनील राय, आशुतोष सिंह, सूरज सिंह, एकलव्य पाण्डेय, विनोद उपाध्याय, डबलू राय तथा बबलू राय के विरुद्ध महामारी फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच पूरी करने के बाद पुलिस ने हरिवंश मिश्रा सहित कुल 14 लोगों के खिलाफ चार्जशीट न्यायालय में प्रेषित किया था। सहायक अभियोजन अधिकारी ने शासन के आदेश तथा इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा विनय कुमार व अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य वाद में पारित आदेश के आधार पर धारा 321 दंप्रसं के अंतर्गत मुकदमा वापस लेने का प्रार्थना पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया था। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलों सुनने के बाद प्रार्थना पत्र स्वीकार करते हुए सभी 14 आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा समाप्त कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *