
आशीष तिवारी
आजमगढ़।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के खनियरा गांव निवासी श्री कृष्ण गीता राष्ट्रीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य सर्वेश मिश्रा के घर से गत दिनों हुई एक करोड़ से अधिक की चोरी का खुलासा तो दूर की बात रही अभी तक पुलिस या उच्चाधिकारी ठीक से घटना स्थल का मुआयना करने तक नहीं करने पहुंचे। इससे लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश है।

देवगांव कोतवाली क्षेत्र के खनियरा गांव निवासी सर्वेश मिश्रा पुत्र त्रिभुवन मिश्रा लालगंज में स्थित श्री कृष्ण गीता राष्ट्रीय इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य है। बीते फरवरी माह में शादी में भाग लेने के लिए उनका पूरा परिवार राजस्थान के जयपुर शहर गया हुआ था। घर पर कोई नहीं था। बाहर से देख रेख करने के लिए दो लोगों को लगाया गया था। 12 फरवरी 26 को गांव में दो लोगों के घर बारात आई हुई थी। इसी दिन रात्रि में लगभग 12 बजे सर्वेश को सूचना मिली कि घर में चोरी हो गई है। सूचना मिलते ही सर्वेश मिश्रा वाहन से घर के लिए चल दिए।घर पहुंचने पर अंदर का माजरा देखकर उनका होश उड़ गया।जहां – जहां ताला लगा था सब टूटा पड़ा था। चोर घर से सर्वेश मिश्रा की मां व पत्नी का लगभग एक करोड़ रुपए से अधिक के जेवरात व हजारों रुपया नगदी सहित अन्य सामान चुरा ले गये। घटना के दिन ही लालबहादुर सिंह के यहां भी चोरी हुई थी, उसमें ज्यादा सामान चोरो के हाथ नहीं लग पाया था। देवगांव पुलिस लालबहादुर सिंह के चोरी की सूचना दर्ज करके उसी में सर्वेश मिश्रा की चोरी का उल्लेख कर दिया। जिसमें चोरी गए सामानों का विवरण दर्ज नहीं किया गया। पुलिस इस मामले का खुलासा करने की बजाय उसे दबाने में जुट गयी। यही कारण है कि इतनी बड़ी चोरी की घटना होने के बावजूद अभी तक देवगांव कोतवाली पुलिस या कोई भी उच्चाधिकारी अभी तक ठीक से मौका मुआयना करने के लिए नहीं पहुंचा। उधर इतनी बड़ी चोरी होने से प्रधानाचार्य और उनका परिवार मानसिक वेदना में है। क्षेत्र के लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर आक्रोश है। प्रधानाचार्य सर्वेश मिश्रा का आरोप है कि इतनी बड़ी चोरी की घटना हुई, लेकिन पुलिस तहरीर देने के बावजूद केस नहीं दर्ज की। जिनके यहां से मामूली सामान गया, उनके मुकदमे में ही हमारी इतनी बड़ी चोरी की घटना से जोड़कर मौन साध गयी है।
