
दैनिक भारत न्यूज
वाराणसी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरा और डाक्टर संपूर्णानंद स्पोर्टस स्टेडियम का नाम बदलकर उद्घाटन किए जाने से कायस्थ समाज के लोग काफी दुखी और आक्रोशित हैं। सोमवार को काशी विद्यापीठ के गेट नंबर एक पर बड़े पैमाने पर कायस्थ समाज के लोग इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रिबू श्रीवास्तव ने कायस्थ समाज के लोगों को भारी से भारी संख्या में जुटने का आह्वान किया है। उन्होने कहा कि काशी और आस पास के सभी कायस्थ समाज के लोग 21 अक्टूबर की शाम करीब चार बजे काशी विद्यापीठ गेट नंबर 1 के पास एकत्रित हों। उनके मुताबिक सरकार द्वारा संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के नाम को परिवर्तित करके वाराणसी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स किए जाने का विरोध दर्ज किया जाएगा। कायस्थ समाज के महापुरुषों के साथ लगातार हो रहे भेदभाव के खिलाफ सरकार को अपनी नाराजगी दर्ज करानी होगी। ऐसे में सभी कायस्थों से आग्रह है अपने भाई बहनों के साथ बड़ी संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाएं और कायस्थ शिरोमणि डॉक्टर संपूर्णानंद जी के सम्मान की रक्षा का संकल्प भी लें।
