दैनिक भारत न्यूज

लखनऊ।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को बदायूं के सहसवान के माहेश्वरी भवन में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सपा पर सियासी वार किए। कहा कि बदायूं लोकसभा क्षेत्र से भाजपा का प्रत्याशी घोषित हो चुका है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, चाचा शिवपाल सिंह यादव को प्रत्याशी बनाते हैं और चाचा भतीजे से कहते हैं, अब मेरा बेटा आदित्य यादव प्रत्याशी होगा। सपा में कोई पता नहीं है कि कौन उम्मीदवार होगा। यह हाल केवल बदायूं का नहीं पूरे प्रदेश का है। सपा सफा है। सपा मतलब समाप्तवादी पार्टी है। 2024 के बाद में यह खोजने पर भी नहीं मिलेंगे। यह जनता की जिम्मेदारी है। 
उपमुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव का नाम लेकर सियासी हमला बोला। बसपा, कांग्रेस पर भी वार किए। उन्होंने कहा कि जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, तब सपाइयों का नारा था खाली प्लॉट हमारा, खाली मकान हमारा, खाली जमीन हमारी। उन्होंने कहा कि एक्स पर ऐसे लोग अब ऐसी पोस्ट करते हैं कि जैसे यह लोग बड़े सुशासन वाले हैं। सबसे बड़ा कुशासन अगर किसी शासन में रहा तो वह अखिलेश यादव के शासन में रहा है। 
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जिस गाड़ी पर लगा सपा का झंडा, समझो उस गाड़ी में गुंडा बैठा है। डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस के गठबंधन के बाद भी जनता ने कमल खिलाया नहीं होता तो रामलला का मंदिर नहीं बन पाता। यह राष्ट्र का मंदिर हैं, सामाजिक एकता का मंदिर, हिंदू रामलला को भगवान के रूप में मनाते हैं। मुस्लिम अपना पुरखा मानें या पूर्वज मानें तो अच्छा है। 140 करोड़ देशवासियों के राम हैं और राम का मंदिर भी है।

अखिलेश और राहुल की कुंडली एक जैसीः
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बिल्सी के भगवान दास पैलेस में बूथ अध्यक्षों को संबोधित किया। उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव का नाम लेकर उनसे जुड़ी राजनीतिक भविष्यवाणी भी कर दी। बोले, अखिलेश यादव की कुंडली में फिर से प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने का योग नहीं है। ऐसा ही राहुल गांधी के साथ है। वह भी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। उनकी कुंडली भी अखिलेश जैसी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *