

न्यायिक अधिकारियों के साथ अधिवक्ताओं ने भी उठाया शिविर का लाभ
दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
आजमगढ़।
विधिक सेवा दिवस के अवसर पर दीवानी न्यायालय में स्थित एडीआर परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की तरफ से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन जिला जज संजीव शुक्ला ने फीता काटकर किया और उन्होंने अपना स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया। उनके अलावा अपर जिला जज सतीश चंद्र दिवेदी, जैनेंद्र कुमार पांडेय, राम नारायन समेत लगभग सौ अधिवक्ताओं ने भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इसके अलावा जिला जेल में बंदियों को उनके अधिकारों से जागरूक करने के लिए एक साक्षरता शिविर का भी आयोजन किया गया। प्राधिकरण के सचिव धनंजय कुमार मिश्रा ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि 9 दिसंबर 1995 को सभी को न्याय दिलाने के उद्देश्य से विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम को लागू किया गया। तब से हर वर्ष 9 दिसंबर को विधिक सेवा दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने पर पैरा लीगल वालंटियर दिलीप कुमार को शाल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिविर में जेलर रामनरेश गौतम , विकास कटियार, डिप्टी जेलर अंकित, वीरेश्वर प्रसाडी, चीफ़ लीगल डिफेंस काउंसिल आशीष राय, पैनल अधिवक्ता छोटेलाल निगम समेत बहुत से लोग उपस्थित रहे।
