
अराजक तत्वों ने तोड़ी डीह बाबा की प्रतिमा, ग्रामीणों में आक्रोश
पूर्व में तोड़ी गयी थी डाक्टर भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा
दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
बिंद्राबाज़ार।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र में प्रतिमा तोड़ने का सिलसिला थम नहीं रहा है। करीब एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी घटना प्रतिमा तोड़ने की है। इससे पूर्व 30/31अक्टूबर की रात्रि को ग्राम पंचायत हुसेपुर में अराजक तत्वों द्वारा अंबेडकर की प्रतिमा को तोड़ दिया गया था। जिसको बाद में थानाध्यक्ष गंभीरपुर द्वारा नई प्रतिमा लगवाई गई।
इसी क्रम में शुक्रवार की रात्रि में गंभीरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत छाऊ में गांव से पश्चिम तरफ पोखरे के पास अराजक तत्वों द्वारा डीह बाबा और डीवहारीन माता की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। शनिवार की सुबह गांव वालों ने टूटी प्रतिमा देख आक्रोशित हो गये। जिसकी सूचना थाना गंभीरपुर को हुई तो थाना प्रभारी स्वतंत्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझा बूझकर शांत कराया और टूटी हुई प्रतिमा का मरम्मत कार्य करवाना शुरू कर दिए। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि ग्राम पंचायत छाऊ में प्रतिमा टूटने के सूचना मिली है। टूटी हुई प्रतिमाओं को दुरूस्त करवाया जा रहा है। इस संबंध में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर शरारती तत्वों की पहचान की जा रही है।
