
प्रयागराज जिले से जौनपुर के लिए 35 सौ में बुक किए थे उसकी कार
अखबार में छपी दुर्गेश मिश्र के लाश की फोटो से उसके घर वालों ने की थी पहचान
शिनाख्त होने के बाद दुर्गेश मिश्र के पिता ने दर्ज कराई थी अहरौला थाने में केस
दैनिक भारत न्यूज ब्यूरो
आजमगढ़।
अहरौला थाना क्षेत्र में बीते अक्टूबर माह में चालक की हत्या करके कार और रुपये आदि लूटने वाले तीन बदमाश शनिवार को गिरफ्तार कर लिए गये। इसमें एक अपराधी पुलिस की गोली से घायल है। उसका इलाज चल रहा। अभियुक्तों के कब्जे से लूटी गयी कार, रुपये आदि बरामद हुए।
इस प्रकार रहा घटनाक्रमः
एसपी ग्रामीण अरुण कुमार दिक्षित ने बताया कि 15 अक्टूबर को वादी श्रीनारायण मिश्र पुत्र काशीनाथ मिश्र निवासी कपरीपार थाना भईल जनपद देवरिया द्वारा अहरौला थाना पर प्रार्थना पत्र दिया गया। जिसमें आरोप था कि वादी का पुत्र दुर्गेश कुमार मिश्र उम्र 24 वर्ष जो प्रयागराज में दो वर्ष से गाड़ी चलाने का काम करता था। जिसका फोन 14 अक्टूबर की सुबह से स्विच आफ आ रहा था। जिससे खोजबीन में वादी को पता चला कि वादी के पुत्र के शव की फोटो पेपर में छपी हुई है। जिसे आजमगढ़ मोर्चरी में रखा गया है। वादी द्वारा आजमगढ़ मोर्चरी में जाकर देखा गया तो उन्हें पता चला की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा वादी के पुत्र की हत्या कर शव को बरामदपुर पुलिया थाना अहरौला जनपद आजमगढ़ के पास फेंक दिया गया था। पुलिस छहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी।
पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तारीः
एसपी ग्रामीण ने बताया कि शनिवार की सुबह थानाध्यक्ष
अहरौला सुनील कुमार दुबे मय हमराह को सूचना मिली कि कार चालक की हत्याकर कार लूटने वाले बदमाश फोर व्हीलर गाड़ी से दुर्वासा गहजी मार्ग के पश्चिम पट्टी महलिया के पास मौजूद हैं, इस सूचना पर तत्काल पुलिस द्वारा मौके पर पहुँचकर घेराबन्दी की गयी। अभियुक्त द्वारा स्वयं को पुलिस से घिरता हुआ देख अभियुक्त द्वारा पुलिस पर जान से मारने की नियत से फायरिंग की गयी। जिसमें पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ नियंत्रित फायरिंग की गयी, जिसमें अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी जिसे उपचार हेतु सीएचसी अहरौला भेजा गया है। घायल बदमाश की पहचान अंकित सिंह पुत्र मृत्युंजय सिंह निवासी लहुआकला थाना देवगांव के रुप में हुई। उसके पास से तमंचा, कारतूस, रुपये आदि बरामद हुए। एसपी ग्रामीण ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान मौके पर मौजुद चार पहिया वाहन में पूर्व से बैठे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। जिनकी पहचान नवनीत सिंह पुत्र राजेश सिंह सा. बहुआरा थाना बैरिया जनपद बलिया के रूप में की गयी। जिसके कब्जे से एक डेबिट कार्ड, 3600 रुपया तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। जबकि दूसरे व्यक्ति की पहचान निशान्त सिंह पुत्र प्रदीप सिंह सा. कबिलहा थाना देवगांव के रूप में की गयी। जिसके कब्जे से एक एटीएम, 2400 रुपया व एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पूछताछ का विवरणः
एसपी ग्रामीण ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से हुई पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि प्रयागराज से चालक दुर्गेश कुमार मिश्र की गाड़ी बुक किया गया। दुर्गेश द्वारा अपने मालिक से 30000 रूपये नगद लिया गया था। रास्ते में मेरे व साथियों द्वारा पैसा व कार को लूटने की प्लानिंग की गयी। हम पांच लोगो ने मिलकर प्लानिंग की थी, लेकिन उक्त घटना को चार लोग अंजाम दिये थे। उक्त घटना लूट की नियत से की गयी थी। बदमाशों के मुताबिक सभी दुर्गेश कुमार मिश्रा की कार 3500 रुपये देकर प्रयागराज से जौनपुर के लिए बुक की गयी थी, जौनपुर पहुंचने के पश्चात अभियुक्तों ने चालक को अतिरिक्त पैसा देकर आजमगढ़ जाने के लिए कहा गया। गाड़ी जनपद आजमगढ़ के माहुल अहिरौला मार्ग के बीच पहुँचते ही अभियुक्तों द्वारा एकान्त स्थान पाकर शराब के फूटे हुए बोतल से चालक के गले पर वार कर हत्या कर दी गयी। हत्या के पश्चात शव को बरामदपुर पुलिया के पास फेंक दिया गया था। अभियुक्तों द्वारा चालक के 30 हजार रुपये, एक चार पहिया वाहन, दो एटीएम, आधार कार्ड व मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गये थे। एसपी ग्रामीण ने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
