दैनिक भारत न्यूज

सोनभद्र।
नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना रॉबर्ट्सगंज और एसओजी की संयुक्त टीम ने 32 लाख रुपये के मादक पदार्थों के साथ तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर यह कार्रवाई चुर्क जाने वाली सड़क पर सहिजन शराब भट्टी के सामने बहद ग्राम सहिजन में की गई। पुलिस ने मो. उमर उर्फ बब्लू खान निवासी बहुअरा, अंशु गिरी उर्फ गोलू निवासी परसिया और पुष्पराज यादव उर्फ श्याम निवासी जैत को गिरफ्तार किया।
इनके कब्जे से 25 किलोग्राम गांजा (कीमत 12.50 लाख), 6 ग्राम हेरोइन (कीमत 1.20 लाख), 24,200 रुपये नकद, 3 एंड्रॉयड मोबाइल और तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की सिल्वर होंडा सिटी व टाटा पंच कार बरामद की गई। बरामद माल की कुल कीमत लगभग 32 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी बब्लू खान पर गैंगस्टर सहित एनडीपीएस एक्ट के 12 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अन्य दोनों आरोपियों पर भी 5 से 10 मुकदमे दर्ज हैं। सभी शातिर तस्कर हैं और लंबे समय से जिले में नशे का नेटवर्क चला रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना रॉबर्ट्सगंज में मु.अ.सं. 952/2026 धारा 8/20/21/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट और 61(2)(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर नेटवर्क की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *