दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
पराली जलाने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देश पर राजस्व और कृषि विभाग की टीमों ने निगरानी तेज कर दी है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण के नियमों का उल्लंघन कर बिना फसल अवशेष प्रबंधन यंत्र के कंबाइन से कटाई करने वालों पर भी कार्रवाई हो रही है।
डीएम ने जनपद, तहसील, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर गठित समितियों को सक्रिय कर लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर किसानों को पराली जलाने से मिट्टी और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। कृषि विभाग द्वारा सभी विकास खंडों में सहायक विकास अधिकारी (कृषि) फार्मर रजिस्ट्री कैंपों में बैनर लगाकर और प्रचार वाहनों के माध्यम से रोस्टर के अनुसार किसानों को जागरूक कर रहे हैं।
26 नवंबर को जनपद में पराली जलाने की 10 घटनाएं सामने आईं। इसमें तहसील आजमगढ़ में 1, बुढ़नपुर में 1, लालगंज में 2, मार्टिनगंज में 2 और निजामाबाद में 1 घटना शामिल है। कृषि और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने स्थलीय सत्यापन कर चार किसानों पर जुर्माना लगाया।
मार्टिनगंज ब्लॉक के ग्राम पकरौल निवासी फूलचंद पुत्र सुखई, मुहम्मदपुर के सिरसाल ग्राम निवासी रामसिंह पुत्र दूधनाथ और राजेंद्र पुत्र रामजियावन तथा बिलरियागंज के कपसा ग्राम निवासी नैयर आलम पुत्र मो. जकी जैराजपुर पर 2500-2500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित करते हुए नजदीकी पुलिस चौकियों पर तहरीर भी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *