
दैनिक भारत न्यूज
लालगंज (आजमगढ़)।
दो दिवसीय विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ ने लालगंज तहसील क्षेत्र के विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया।
उन्होंने श्रीकृष्ण गीता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज लालगंज, प्राथमिक विद्यालय लालगंज सहित अन्य विद्यालयों में बनाए गए बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय लालगंज में कार्यरत बीएलओ तारा देवी, गीता यादव एवं ममता गुप्ता द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उनके अच्छे कार्य को देखते हुए एडीएम प्रशासन ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देने का निर्देश दिया।
इस दौरान एडीएम प्रशासन ने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहने पाए। विशेष रूप से युवाओं एवं महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि नए मतदाताओं का नाम जुड़वाने के लिए फार्म संख्या-6, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फार्म संख्या-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरण में संशोधन के लिए फार्म संख्या-8 भरना अनिवार्य है। उन्होंने सभी बीएलओ को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अभियान में जुटने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर एसडीएम लालगंज नेहा मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र मौर्य, सुपरवाइजर अजीत यादव, लेखपाल अभिषेक प्रताप सिंह, संतोष सिंह, उत्तम दीक्षित सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
