दैनिक भारत न्यूज

आजमगढ़।
तरवां थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें गिरोह का सरगना सुनील कुमार पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर करीब 20 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार 18 नवंबर की रात कबूतरा बाजार क्षेत्र में चेकिंग के दौरान डस्टर कार सवार राहुल कुमार निवासी मेहनगर और नितेश निवासी बहरियाबाद को गिरफ्तार किया गया। कार से टायर, मशीन, पेंट के डिब्बे व अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ के बाद रोशनपुर जंगल में छिपाकर रखा चोरी का सामान भी बरामद किया गया। इसमें मोटरसाइकिलें और मोबिल ऑयल समेत अन्य सामान शामिल था।
इसके बाद पुलिस को गिरोह के सरगना सुनील के बारे में जानकारी मिली। 19 नवंबर की भोर में दर्रोपुर मोड़ के पास पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से तमंचा, खोखा कारतूस, 53 हजार रुपये और अपाची मोटरसाइकिल बरामद हुई।
एसपी सिटी मानुष पारीक के मुताबिक यह गिरोह रात में दुकानों की रेकी कर शटर तोड़कर मोटरसाइकिल, टायर, मोबिल ऑयल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और हार्डवेयर सामान चोरी करता था। गिरोह ने आजमगढ़, जौनपुर और गाजीपुर में कई घटनाओं को अंजाम दिया। सरगना सुनील के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 50 मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *